सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

लेखक की कलम से (जीवनधारा)

*लेखक की कलम से*

मनुष्य कितना भी प्रयत्न कर ले लेकिन  अक्सर मनुष्य की नीयत और नियति में एक बहुत बड़ा फासला होता है। इसके लिए निसंदेह बहुत सारी स्थितियां और परिस्थितियां जिम्मेदार होती है और विषम से विषम परिस्थितियों में भी सबसे बड़ा सत्य वर्तमान होता है। भूत को हम कोस सकते हैं और बेहतर भविष्य की कामना कर सकते हैं लेकिन इन तमाम किन्तु परन्तु के बीच जीवनधारा अपने ही मदमस्त चाल में अनवरत चलती रहती है। अपनी प्रथम पुस्तक काव्य संग्रह जीवनधारा में जीवन के विभिन्न कालक्रम में अपनी अनुभूतियों को छंदबद्ध पंक्तियों में प्रस्तुत करने का मैंने छोटा सा प्रयास किया है।

एक साधारण किसान का लड़का होने के कारण, किसानों की समस्याओं, उसके टूटते - बिखरते सपनों और फिर एक नई आशा की मद्धिम सी किरण एवं सुनहरे भविष्य की तलाश में नए उत्साह के साथ जीवन जीने का पराक्रम, मैंने बहुत करीब से महसूस किया है। इसलिए मैंने अपनी कविताओं में अन्नदाता किसान परिवार  की पीड़ा के चित्रण का भी प्रयास किया है। पालनहार का संस्कार और मजबूर अन्नदाता मेरी इन्हीं भावनाओं को अभिव्यक्त करती हुई कविताएं हैं। मैंने उदास, निराश और जीवन यापन के आर्थिक संकट से जूझते किसानों के हृदय में ईश्वर के प्रति असीम श्रद्धा एवं अनंत विश्वास का अवलोकन किया है और सबसे बड़ी बात अपनी तमाम तकलीफों को ईश्वर की इच्छा मान कर सहज स्वीकार करने की इनकी प्रवृति और प्रकृति ने अनंत बार बार मुझे इनका कायल बना दिया है। इसलिए मर्यादा पुरुषोत्तम राम का नाम लेकर मेरी कविता "लेे लो राम का नाम" जीवन के तमाम झंझावत को झेल जाने का मेरे कवि मन को पूर्ण भरोसा है।  वैश्विक महामारी कोरोना ने मेरी व्यस्तम दिनचर्या में एक ठहराव लाकर मानवीय इतिहास के इस स्याह अध्याय की परिस्थितियों को चित्रित करने के लिए मुझे उद्वेलित किया है, जो मेरी कई कविताओं में परिलक्षित होती है, लेकिन इस आपदा के कारण मानवीय मूल्यों और संस्कारों में आये बदलाव को प्रस्तुत करती हुई मेरी कविता "कोरोना तेरा खूबसूरत पैग़ाम" मेरी प्रिय रचना है। सुपर पावर बनने की अघोषित होड़ में उत्पन्न मानवीय अंहकार को नेस्तनाबूत करती कोरोना वायरस ने मुझे "व्यर्थ सारा जखीरा" कविता लिखने को मजबूर किया है। "इंसानियत का सबक" प्रेम, सहयोग और आपसी तालमेल से जीवन यापन में संसार की सभी समस्याओं के निराकरण की सार्थकता को इंगित करता है। प्रकृति से खिलवाड़ और कथित विकास के नाम पर छेड़छाड़ ने मानव जाति के समक्ष अपने वजूद की सुरक्षा की गंभीर समस्या खड़ी कर दी है। यही कारण है कि मेरा कोमल कवि मन प्रकृति प्रेम और इसके संरक्षण को व्याकुल रहता है और मेरी यह भावना भी कुछ कविताओं में प्रतिबिंबित होती है। मुझे पता है कि सिर्फ मेरे लिख देने और पाठकों के पढ़ लेने से समस्या का समाधान नहीं होने वाला है लेकिन बिना लिखे मेरे अंदर विचारों के उठने वाले तूफान को शांत करना भी अत्यंत दुष्कर कार्य है, जिसकी बानगी "कलमकार की ख्वाहिश" में पाठक सहज ही महसूस कर सकते हैं। सृष्टि के निर्माण से वर्तमान तक के सफ़र में मानव जाति के संघर्ष और पुरुषार्थ का गौरवशाली इतिहास हमें हर पल यह एहसास दिलाता है कि इंसान हारता नहीं, हालात हार जाते हैं। इसके बावजूद मानव जीवन की कुछ विडंबना है, जिसे मैंने अपनी पुस्तक की शीर्षक कविता "जीवनधारा" में अभिव्यक्त करने का प्रयास किया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

परिवर्तन

परिवर्तन ------------------------------------------------- समृद्धि के पीछे मैं था भागा, रहा फिर भी मैं अभागा, जिंदगी बहुत दूर जा चुकी थी, जब तलक मैं था जागा... जड़ निस्तेज, तेज शाखा, दुनियां हैरत में, इतना तेज भागा, मेरी खुशियां रह गई पीछे, मैं आगा, जब तलक मैं था जागा ... संसाधन कम था, हिम्मत ज्यादा, पग पग पर था अनंत ही बाधा, विजय किया प्राप्त, छूट गया रिश्ता नाता, जब तलक मैं था जागा... पीड़ाएं बहुत थी, फिर भी था राजा, छोटी छोटी बातें करता था साझा, बड़ी बड़ी खुशियों में अब आता नहीं मजा, जब तलक मैं था जागा... ठहाकों की खनक, फिका बाजा, मेरा अतीत मुझे वह दिन लौटा जा, तड़पता रहा बन कर कृष्ण, रोती राधा, जब तलक मैं था जागा... पहले रो कर भी था बात मान जाता, अब हर बात में हूं, अकड़ दिखाता, ताकतवर हुआ नहीं मैं, रूठ गया मेरा विधाता, जब तलक मैं था जागा...

४०. ऐसी ममता को नित्य नमन (निभा पत्रिका) @

ऐसी ममता को नित्य नमन ... ✍🏻 बिपिन कुमार चौधरी माँ के ममता की छाँव है अनमोल,  इससे बढ़कर नहीं कोई स्वर्ग और भवन,  तेरे आशीषपूर्ण स्पर्श से हर जाए सारे दुःख,  ऐसी ममता क़ो नित्य नमन .... इनके कठिन संघर्ष का मुश्किल वर्णन,  इनके त्याग का कठिन विवरण,  संतान की ख़ुशी के लिये सर्वस्व त्याग दे,  ऐसी ममता क़ो नित्य नमन ... धड़कन की आवाज भी जिनकी देन है, जिसने इस सुंदर संसार में क्या हमारा सृजन,  जिनके दूध का कर्जदार शरीर का कण-कण, ऐसी ममता को नित्य नमन ... ऊंचाई चाहे जितनी कर ले हम हासिल,  छू ले क्यों ना चाहे हम गगन,  जिनकी गोद में खेला हमारा बचपन,  ऐसी ममता को नित्य नमन ... हमारी छोटी सफलता से पुलकित जिसका मन,  सबसे ज्यादा हमारी सफलता से मनाता हो जश्न,  कर्जदार उसका यह शरीर और यौवन,  ऐसी ममता को नित्य नमन ... इस सृष्टि में अगर हो जाएं हम दफन,  मेरी मौत से पहले, ख़ुद के लिये मांगे कफ़न,  अपने कलेजे के टुकड़े के लिये करे सर्वस्व अर्पण,  ऐसी ममता को नित्य नमन ...

पिता का छत्रछाया

पिता का छाया  (कहानी) ✍🏻 बिपिन कुमार चौधरी एक लड़की के जन्म लेते हीं सबसे ज्यादा ज़िम्मेदारी का भार एक पिता के ऊपर हीं आ जाता है। समय कितना भी बदल गया हो लेकिन एक लड़की की जिंदगी का भविष्य आज भी सिर्फ इस बात पर निर्भर करता है कि उसके पिता की क्या हैसियत है और उसका पिता अपनी लड़की के सुरक्षित और उज्जवल भविष्य के लिये कितना धन खर्च करने की इच्छा रखता है। सबसे बड़ा दुर्भाग्य तो उस लड़की का होता है जिसके सिर पर पिता का छत्रछाया हीं नहीं हो। सुगंधा एक पढ़ी लिखी और समझदार लड़की है। भगवान ने भले हीं उसे बहुत सुंदर काया नहीं दिया हो लेकिन थोड़े छोटे कद की वह एक आकर्षक महिला है। दिल उसका बिल्कुल निश्छल और उम्र के हिसाब से थोड़ा बच्चा है। अपने आस-पास के लोगों का ख्याल रखना और दूसरे के गम से तुरंत गमगीन हो जाना उसके स्वभाव की सबसे बड़ी खासियत है। किसी पर भी भरोसा कर लेना और घर आने-जाने वाले लोगों की खातिरदारी में तुरंत तल्लीन हो जाना उसे सभी के बीच लोकप्रिय बनाता है। इन सबके बीच एक कसक जो उसे अंदर हीं अंदर सालती है वह है उसकी अपनों से उन उम्मीदों का पहाड़ जो एक बिना बाप के लड़की की शायद हीं पूरी होती...